13 नवंबर 1780 को लाहौर के उत्तर में गुजरांवाला में जन्मे रणजीत सिंह के पिता की 'सुकरचकिया मिसल' थी, जिसके अधीन गुजरांवाला शहर और आसपास के गांव आते थे। मुग़ल साम्राज्य के पतन के साथ पंजाब में 14 छोटी रियासतें बनीं, जिनमें 12 पर सिखों का शासन था और इन्हें मिसल कहा जाता था। 1792 में पिता के निधन के समय रणजीत सिंह की उम्र महज़ 12 साल थी। अलबामा विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफ़ेसर मैथ्यू लॉकवुड के अनुसार, युवा उत्तराधिकारी क़द में छोटा था, उसकी बाईं आंख ख़राब थी और चेहरे पर चेचक के निशान थे। मैथ्यू लिखते हैं कि अगर रणजीत सिंह को अपने जीवन में प्रभावशाली महिला रिश्तेदारों का संरक्षण नहीं मिला होता, तो संभव है कि पिता की मृत्यु के बाद उनकी सत्ता समाप्त हो गई होती।

शुरुआत में उनकी मां राज कौर ने शासन की कार्यवाहक और सलाहकार के रूप में उनका मार्गदर्शन किया। 1796 में रणजीत ने कन्हैया मिसल के सरदार की बेटी महताब कौर से शादी की, लेकिन उनके जीवन में मां की भूमिका बनी रही। 1798 में मां की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी सास रानी सदा कौर से मार्गदर्शन हासिल किया, जो ख़ुद कन्हैया मिसल की शासक थीं और उनमें एक सिख योद्धा के सभी गुण थे। इससे एक साल पहले रणजीत सिंह ने अफ़ग़ान दुर्रानी साम्राज्य के शासक ज़मान शाह के हमले को विफल करने के लिए सेना का नेतृत्व किया था। 1798 में अफ़ग़ानों के ख़िलाफ़ मिली जीत ने पंजाब में एक प्रमुख सैन्य कमांडर के रूप में उनकी पहचान को और मज़बूत किया।

उस समय लाहौर पर लहना सिंह, गुजर सिंह और सोभा सिंह नाम के तीन शासकों का राज था। सैयद मोहम्मद लतीफ़ अपनी किताब 'पंजाब का इतिहास' में लिखते हैं कि लाहौर के लोग इन शासकों के अत्याचारों से तंग आ चुके थे और उन्होंने एक याचिका तैयार की, जिस पर हकीम हाकिम राय, मियां आशिक़ मोहम्मद, मियां मोहम्मद दीन, मोहम्मद बाक़िर, मोहम्मद ताहिर, मुफ़्ती मोहम्मद मुकर्रम, मीर शादी और शहर के दूसरे प्रमुख नागरिकों ने हस्ताक्षर किए। रणजीत सिंह को लिखे पत्र में कहा गया कि तीनों शासकों के कारण शहर में भीषण अशांति है, बाहरी इलाक़े तबाह हो चुके हैं और आधी आबादी घर छोड़ चुकी है। पत्र में यह भी कहा गया कि हुक्मरान शराब और विलासिता में लिप्त रहते हैं और अपने ख़र्चों के लिए शहरियों को लूटते हैं।

सैयद मोहम्मद लतीफ़ के मुताबिक़, इन परिस्थितियों में लाहौर के लोगों ने रणजीत सिंह को शहर आकर प्रशासन संभालने के लिए आमंत्रित किया और एक प्रतिनिधिमंडल रसूल नगर (रामनगर) पहुंचा, जहां वे रह रहे थे। नागरिकों ने सदा कौर को भी पत्र लिखकर सहयोग का अनुरोध किया। रणजीत सिंह ने अपने प्रतिनिधि क़ाज़ी अब्दुर रहमान को लाहौर भेजा। शुरुआती बातचीत में सहमति बनी कि उनके प्रवेश के लिए एक दरवाज़ा खोला जाएगा। इसके बाद रणजीत सिंह ने सेना इकट्ठी की और सदा कौर से परामर्श के लिए बटाला पहुंचे, जहां वे भी अपनी सेना के साथ आईं। लगभग पांच हज़ार सैनिकों के साथ उनकी सेना अमृतसर होते हुए लाहौर की ओर बढ़ी। सैयद मोहम्मद लतीफ़ के अनुसार, लाहौर पर हमले के दौरान रणजीत सिंह ने नवाब वज़ीर ख़ान की बारादरी (वर्तमान पंजाब पब्लिक लाइब्रेरी) में आराम किया। उनके आने की ख़बर मिलते ही तीनों सरदारों ने शहर की रक्षा की तैयारी कर ली और ज़्यादातर दरवाज़े ईंटों से बंद कर दिए गए। मियां आशिक़ मोहम्मद और मियां महकुमुद्दीन ने संदेश भेजा कि शांतिपूर्ण प्रवेश के लिए खिजरी और याकी दरवाज़ों के बीच की दीवार में दरार बना दी गई है, लेकिन रणजीत सिंह ने इसे साज़िश समझा और नियमित द्वार से विजयी प्रवेश का निर्णय लिया। शुरुआत में लगभग 200 सैनिकों को पराजित किया गया, जिनमें से पांच मारे गए। बाद में गुप्त बातचीत में तय हुआ कि सुबह आठ बजे लाहौर दरवाज़ा खोला जाएगा। रणजीत सिंह अपने एक हज़ार चुने हुए सैनिकों के साथ पहुंचे, दरवाज़ा खोला गया और उन्होंने शहर में प्रवेश किया। उनके बाकी सैनिक भी तुरंत अंदर पहुंच