चीन के दक्षिण-पूर्व में बसा शेनझेन इन दिनों दुनिया के ध्यान का केंद्र है, जहां इस हफ्ते हो रहे वैश्विक आर्थिक शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के नेता पहुंचे हैं। इस शहर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और देश में विकसित तकनीक से संचालित चीन के हाईटेक भविष्य की शुरुआत के तौर पर पेश किया जाता है। यहां ड्रोन खाना पहुंचाते हैं, बिना ड्राइवर वाली टैक्सियां सवारियों को मंजिल तक ले जाती हैं और रोबोट कॉफी परोसने के साथ शतरंज भी खेलते हैं। चीनी लोग इसे "सपनों का शहर" कहते हैं। यह चीन के सबसे अमीर शहरों में से एक है और हांगकांग के करीब है। यहां पहले कैबेज पैच गुड़िया, फिर टीवी, उसके बाद आईफोन, इलेक्ट्रिक वाहन और ड्रोन बने, अब रोबोट बन रहे हैं।

27 साल के हुआंग शिहुआ शेनझेन की एक प्रमुख ह्यूमनॉइड रोबोट कंपनी में इंजीनियर हैं। वे कहते हैं कि यहां जोश और सपनों से भरे युवा पूरे चीन से आए हैं और उन्होंने शेनझेन में एक चमत्कार किया है। हुआंग को उम्मीद है कि अगले दस साल में रोबोट खतरनाक काम अपने जिम्मे लेकर इंसानों की बेहतर सेवा कर सकेंगे। उनका मानना है कि एआई जिंदगी को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ दुनिया को एक वैश्विक गांव में बदलने में भी मदद करेगा। ये युवा इंजीनियर जिन चमत्कारों को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, वे चीन के लिए शी जिनपिंग की महत्वाकांक्षी विजन का अहम हिस्सा हैं, जिसमें वे चीन को एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के मामले में दुनिया का नेता देखना चाहते हैं।

लेकिन इस चमक-दमक वाले तटीय शहर का एक दूसरा पहलू भी है। ऊंची इमारतों के पीछे छिपे शाजिंग और सोंगगांग इलाकों में काम कर रहे एक मजदूर ने बताया कि हर किसी को लगता है कि जिंदगी मुश्किल हो गई है, बहुत सी फैक्ट्रियां दूसरी जगह चली गई हैं और मजदूरों की नौकरियां चली गई हैं। प्रॉपर्टी का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। टैक्सी ड्राइवरों के मुताबिक उनके घर की कीमत अब उसकी मूल कीमत का सिर्फ एक तिहाई रह गई है। कमजोर प्रॉपर्टी बाजार और कम खर्च के चलते कई परिवार कम खरीदारी कर रहे हैं, जबकि कई मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों ने उत्पादन घटाया है, कर्मचारियों की संख्या कम की है, ऑटोमेशन अपनाया है या सस्ते मजदूरों की तलाश में दूसरी जगह चली गई हैं। इससे बड़ी संख्या में मजदूर अस्थायी नौकरियों की ओर जा रहे हैं।

करीब 40 साल के एक डिलीवरी ड्राइवर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि शेनझेन कोई जादुई जगह नहीं है। उनके मुताबिक कुछ लोग कहते हैं कि यहां हर जगह सोना बिखरा हुआ है, लेकिन अब ऐसा नहीं है और यह ऐसा शहर नहीं है जहां आकर आप तरक्की कर सकते हैं। शेनझेन में कई दिन बिताकर चीन की तरक्की के इन दो बिल्कुल अलग पहलुओं को समझने की कोशिश की गई — एक तरफ एआई की चमकदार संभावनाएं हैं, तो दूसरी तरफ उन मजदूरों की चिंताएं हैं, जिन्हें डर है कि भविष्य में उनके लिए जगह होगी भी या नहीं।