प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती परेड ग्राउंड में मंगलवार से तीन दिवसीय श्रीराम कथा की शुरुआत हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीराम दरबार के पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन शुरू किया। कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव और देवघर से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे। दोनों ने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया की तारीफ की। बाबा रामदेव ने कहा कि राजा भैया सनातन के गौरव हैं और स्वभाव से सनातनी हैं। उन्होंने कहा कि राजा भैया के जींस में भगवान राम, भगवान कृष्ण और ऋषियों का जो शौर्य और वीरता है, वह यहां के जन-जन में दिखता है।
बाबा रामदेव ने कहा कि रामकथा के आयोजन पर राजा भैया के आग्रह को उन्होंने स्वीकार किया और यहां आकर उन्हें हर्ष और गौरव है। उन्होंने लोगों से सनातन की एकजुटता बनाए रखने और राष्ट्र धर्म को मजबूत करने की बात कही।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया। उन्होंने राजा भैया का आभार जताया कि उन्होंने बागेश्वर धाम की इतनी बड़ी कथा कराई। निशिकांत दुबे ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मस्थान को मुगलों ने घेरा था, जहां कारसेवा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव सचमुच कृष्ण भक्त हैं तो परिवार के साथ मथुरा चलें, वे भी सामूहिक रूप से कारसेवा करेंगे।
