लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बदलाव के संकेत दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अब 181 सीटों की मांग पर अड़े रहने के बजाय उन विधानसभा क्षेत्रों पर फोकस करना चाहती है, जहां उसके उम्मीदवारों की जीत की संभावना मजबूत है। दोनों दलों के बीच मंगलवार को प्रस्तावित बैठक टल गई है और अब 21 नवंबर के बाद सीट शेयरिंग पर अगले दौर की बातचीत होगी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम से इतर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान यूपी चुनाव में गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई और सीट शेयरिंग का एक ड्राफ्ट सामने आया, हालांकि इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। अब दोनों दलों के नेता इस ड्राफ्ट और अपने-अपने प्रस्तावों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सपा कांग्रेस को उतनी सीटें देने की स्थिति में नहीं है, जितनी पार्टी की ओर से पहले मांग की जा रही थी। ऐसे में कांग्रेस अब सीटों की संख्या के बजाय सीटों की चुनावी उपयोगिता को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। दोनों दल अपने-अपने सर्वे और जमीनी फीडबैक के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों का आकलन करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में उम्मीदवारों और चुनाव चिह्न को लेकर भी कुछ नए विकल्पों पर विचार हो सकता है, जिसके तहत सपा के कुछ उम्मीदवार कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर भी चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने अपने स्तर पर समन्वय की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी अहम भूमिका दी गई है। वहीं, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक टलने की बात पर कहा कि बातचीत टली नहीं है, बल्कि शुरू हुई है और जल्द ही आगे की बातचीत होगी। अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा था कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।