नई दिल्ली: चीन के केंद्रीय बैंक ने अक्टूबर में 26 टन सोना खरीदा है, जो अगस्त 2023 के बाद उसकी सबसे बड़ी मासिक खरीद है। सितंबर में उसने 23 टन सोना खरीदा था। चीन लगातार 24 महीनों से सोने की खरीदारी कर रहा है। हालांकि, पिछले साल यानी 2025 में उसने किसी भी महीने में 5 टन से अधिक सोना नहीं खरीदा था। जानकारों का मानना है कि चीन गुपचुप तरीके से सोना खरीद रहा है।
इस साल चीन अब तक 129 टन सोना खरीद चुका है। इसके साथ उसका कुल गोल्ड रिजर्व 2,435 टन हो गया है, जो फ्रांस से केवल 2 टन कम है। फ्रांस के पास दुनिया का चौथा सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व है। अमेरिका, जर्मनी और इटली इस मामले में टॉप 3 में हैं। इस तरह चीन गोल्ड रिजर्व के मामले में दुनिया में पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। भारत के पास करीब 880 टन सोना है और वह आठवें नंबर पर है।
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन का कुल विदेशी मुद्रा भंडार करीब 3.8 ट्रिलियन डॉलर है, जो दुनिया में सबसे बड़ा है। इसमें सोने की हिस्सेदारी करीब 9 फीसदी है। वहीं, 6 नवंबर को खत्म सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 719.55 अरब डॉलर था, जिसमें गोल्ड रिजर्व की हिस्सेदारी करीब 14.56 फीसदी है।
अमेरिका के पास दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व है। उसके पास 8,133 टन सोना है। जर्मनी 3,350 टन के साथ दूसरे नंबर पर है। इटली के पास 2,452 टन और फ्रांस के पास 2,437 टन सोना है। रूस ने हाल में अपने गोल्ड रिजर्व में कटौती की है और सितंबर में उसका भंडार 2,264.32 टन रह गया था। स्विट्जरलैंड 1,040 टन के साथ सातवें नंबर पर है। जानकारों का कहना है कि अगर चीन को दुनिया की नंबर 1 अर्थव्यवस्था बनना है तो उसके पास कम से कम 5,000 टन गोल्ड रिजर्व होना चाहिए।
