नई दिल्ली: जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन क्रिकेट इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक देखने को मिला। ढलती रोशनी में अफगानिस्तान चमत्कारी ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, लेकिन अनुभवी लेग स्पिनर ग्रीम क्रेमर ने आखिरी विकेट चटकाकर जिम्बाब्वे को 57 रनों से ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली है। कप्तान के रूप में ब्रायन बेनेट ने अपनी पहली जीत के तोहफे के रूप में स्टंप उखाड़कर अपने पास रख लिया।
अफगानिस्तान की इस हार के बावजूद 20 साल के डेब्यूटेंट ऑलराउंडर नसीर खान मारूफखिल पूरी दुनिया में छा गए। पहली पारी में 7 विकेट चटकाने वाले नसीर ने दूसरी पारी में भी गजब का जज्बा दिखाते हुए नाबाद 101 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके साथ ही महज 20 साल की उम्र में वे टेस्ट डेब्यू पर शतक और पांच विकेट हॉल का डबल पूरा करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, दूसरे छोर पर साथ न मिलने के कारण उनकी यह पारी टीम को हार से नहीं बचा सकी।
418 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने पांचवें दिन की शुरुआत 143/5 के स्कोर से की थी। इकराम अलीखिल (26) जल्द आउट हो गए, जिसके बाद जिम्बाब्वे की खराब फील्डिंग का फायदा उठाते हुए अफसर जजई (87) और नसीर खान ने मोर्चा संभाल लिया। जजई को कुल चार कैच छूटे और दोनों ने 47 ओवरों तक बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को खूब छकाया। नसीर ने पसलियों पर बाउंसर लगने के बावजूद 144 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। चायकाल तक अफगानिस्तान ने 270/6 का स्कोर बनाकर ड्रॉ की उम्मीदें जगा दी थीं।
चायकाल के बाद 87 के निजी स्कोर पर अफसर जजई के आउट होते ही मैच में फिर जान आ गई। यामीन अहमदजई ने क्रेमर पर लगातार छक्का और चौका जड़कर तेवर दिखाए, लेकिन वे भी जल्द पवेलियन लौट गए। इसके बाद सलीम साफी ने सिर पर बाउंसर लगने के बावजूद 53 गेंदों तक नसीर का साथ दिया, लेकिन ब्रैड इवांस ने उन्हें आउट कर अफगानिस्तान को 358 के स्कोर पर नौवां झटका दिया। अगले ही ओवर में नसीर खान ने अपना ऐतिहासिक शतक पूरा किया। 11वें नंबर के बल्लेबाज जियाउर रहमान शरीफी ने 13 गेंदों तक संघर्ष किया, लेकिन दिन का खेल खत्म होने से ठीक 3.4 ओवर पहले ग्रीम क्रेमर ने उन्हें आउट कर जिम्बाब्वे के खेमे में जश्न की लहर दौड़ा दी, जबकि अफगान कप्तान रहमत शाह डगआउट में बस फीकी मुस्कान के साथ देखते रह गए।
