किसी भी देश की सैन्य ताकत में वायु शक्ति की अहम भूमिका होती है। लड़ाकू विमान, मिसाइलें, ड्रोन और हेलीकॉप्टर मिलकर इसे मजबूत बनाते हैं। इसी वजह से देश लगातार अधिक उन्नत लड़ाकू विमान विकसित कर रहे हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि दुनिया के पांच सबसे उन्नत लड़ाकू विमान कौन-से हैं और उन्हें कौन-से देश ऑपरेट करते हैं, साथ ही भारत और चीन इस सूची में कहां हैं।
सूची में पहले स्थान पर अमेरिका का लॉकहीड मार्टिन F-35 लाइटनिंग II है, जिसे सिंगल-सीट, सिंगल-इंजन, ऑल-वेदर स्टील्थ मल्टीरोल लड़ाकू विमान बताया गया है। इसे हवा से हवा में मार, स्ट्राइक मिशन, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और निगरानी के लिए डिजाइन किया गया है। अमेरिका समेत लगभग 20 देश इसे ऑपरेट करते हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, डेनमार्क, नीदरलैंड्स, नॉर्वे, पोलैंड, दक्षिण कोरिया, इटली, ब्रिटेन, जापान, सिंगापुर और इजरायल प्रमुख हैं। दूसरे स्थान पर अमेरिकी वायुसेना का लॉकहीड मार्टिन F-22 रैप्टर है, जो पांचवीं पीढ़ी का ट्विन इंजन, सुपरसोनिक स्टील्थ मल्टीरोल विमान है और इसे केवल अमेरिकी वायुसेना ऑपरेट करती है।
तीसरे स्थान पर चीन का चेंगदू J-20 है, जिसे माइटी ड्रैगन भी कहा जाता है। इसे चीनी वायुसेना के लिए विकसित किया गया है और यह एशिया का पहला ऑपरेशनल पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान बताया गया है। चीन ने इसे किसी देश को नहीं बेचा है। इसमें PL-10, PL-12 और PL-15 जैसी हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें लगी हैं और इसे भारत की सीमा के पास शिनजियांग प्रांत के होटान एयरबेस पर तैनात किया गया है। चौथे स्थान पर रूस का सुखोई Su-57 फेलॉन है, जो रूस का पहला पांचवीं पीढ़ी का ऑपरेशनल लड़ाकू विमान है। इसमें रडार से बचने के लिए इंटरनल वेपन बे है और यह R-37M व R-77-1 हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के अलावा Kh-59MK2 और Kh-31/Kh-38 जैसी क्रूज मिसाइलें दाग सकता है।
पांचवें स्थान पर अमेरिका का बोइंग F-15EX ईगल II है, जिसे 4.5-पीढ़ी का उन्नत मल्टीरोल लड़ाकू विमान बताया गया है। यह मैक 2.5 की अधिकतम गति से उड़ सकता है और इसमें 12 से अधिक हार्ड पॉइंट हैं। इस सूची में भारत के किसी लड़ाकू विमान का नाम नहीं है।
