अमेरिका के एक फेडरल जज ने सोमवार को ट्रंप सरकार के उस नियम को रद्द कर दिया, जिसके तहत विदेशी छात्रों और पत्रकारों के अमेरिका में ठहरने की अवधि यानी ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस को सीमित करने का फरमान लाया गया था। डिस्ट्रिक्ट जज एफ. डेनिस सेलर ने सुनवाई के दौरान 14 सितंबर 2026 को दूसरे कोर्ट की ओर से लगाई गई अस्थायी रोक के आधार पर याचिकाकर्ताओं की मांग स्वीकार की। इसके तहत 17 जुलाई 2026 को फेडरल रजिस्टर में पब्लिश फाइनल नियम को रद्द किया गया। यह नियम F वीजा होल्डर विदेशी छात्रों, J वीजा के तहत आने वाले रिसर्चर्स, प्रोफेसर और ट्रेनर पर लागू होना था।

अदालत ने इस नियम को मनमाना, तर्कहीन, विवेक का दुरुपयोग और कानून के अनुरूप नहीं बताया और 'एडमिनिस्ट्रेटिव प्रोसिजर एक्ट' (APA) के तहत इसे रद्द कर दिया। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के 'समरी जजमेंट' के प्रस्ताव को मंजूरी दी और यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की याचिका को रिजेक्ट कर दिया। अमेरिकी सरकार ने अस्थायी रोक के खिलाफ जो अपील दायर की थी, वह अभी पेंडिंग थी कि यह फैसला आ गया।

कोर्ट ने पाया कि DHS ने इस नियम से होने वाले संभावित खर्चों और फायदों का ठीक से मूल्यांकन नहीं किया। कोर्ट के मुताबिक, डिपार्टमेंट इस बात के सबूत नहीं दे पाया कि इस नियम से सच में फ्रॉड रोका जा सकता है या यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी है। कोर्ट ने कहा कि DHS ऐसे नियम लाने में फेल हुआ जिनमें प्रतिबंध कम हों, और उसने जनता की ओर से किए गए कमेंट पर भी पर्याप्त जवाब नहीं दिया। कोर्ट ने कहा कि धोखाधड़ी और सुरक्षा चिंताओं से निपटने के लिए 'स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विजिटर इंफॉर्मेशन सिस्टम' (SEVIS) पहले से मौजूद है, जिसे 2019 में और मजबूत किया गया था। DHS का तर्क था कि SEVIS केवल डेटा रिपोर्टिंग सिस्टम है, इमिग्रेशन स्टेटस तय करने वाला सिस्टम नहीं।

यह फैसला भारतीय समेत लाखों विदेशी छात्रों के लिए राहत लेकर आया है। नियम लागू होने पर छात्रों को अपनी डिग्री पूरी करने के लिए तय समय-सीमा के बाद बार-बार वीजा एक्सटेंशन के लिए आवेदन करना पड़ता, जिससे उन पर आर्थिक बोझ, कागजी कार्रवाई और वीजा रिजेक्ट होने का डर बना रहता। अब नियम रद्द होने से पुरानी ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस (D/S) व्यवस्था बनी रहेगी, यानी छात्र जब तक पढ़ाई और नियमों का सही पालन करते रहेंगे, बिना अतिरिक्त वीजा रिन्यूअल की अनिश्चितता के अमेरिका में अपनी डिग्री और रिसर्च पूरी कर सकेंगे।