इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा रहे महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में नहीं खेलेंगे। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा की कि धोनी अब टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे। सीएसके ने अपनी पोस्ट में धोनी को ऐसा खिलाड़ी बताया, जो सदियों में एक बार आता है, और कहा कि उनका टीम से रिश्ता हमेशा कायम रहेगा।
सीएसके की ऑनर रूपा गुरुनाथ ने धोनी के बारे में कहा कि वह सदियों में एक बार आने वाले खिलाड़ी हैं और टीम उनके बेहद आभारी है कि वह शुरुआत से ही साथ रहे और उन्होंने इस टीम की पूरी नींव रखी। उन्होंने कहा कि धोनी सिर्फ एक दिग्गज खिलाड़ी से कहीं बढ़कर हैं और उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर टीम को जो दिया है, उसका कोई मोल नहीं है। उनकी नेतृत्व क्षमता, विनम्रता, प्रतिबद्धता और करोड़ों प्रशंसकों के साथ उनका जुड़ाव वाकई खास है।
फ्रेंचाइजी के मुताबिक, धोनी मेंटर के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। टीम का मानना है कि उनका अनुभव और विशेषज्ञता बदलाव के इस दौर में बेहद मूल्यवान है। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और धोनी का मार्गदर्शन सीएसके की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।
