नई दिल्ली: पूर्व कप्तान कपिल देव ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के फैसले पर निराशा जताई है। उनका मानना है कि कोहली की मौजूदा फिटनेस देखते हुए यह कदम जल्दबाजी में उठाया गया और आने वाले 10 सालों में उन्हें इसका पछतावा होगा। 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान ने कहा कि कोहली की फिटनेस किसी भी अन्य खिलाड़ी से बेहतर है और वह 25 साल के क्रिकेटर को भी चुनौती दे सकते हैं। कपिल देव ने कहा कि गुस्से में आकर संन्यास लेना सही नहीं है और कोहली को मोहिंदर अमरनाथ की तरह बनना चाहिए, जिन्हें कई बार टीम से बाहर किया गया, लेकिन उन्होंने हर बार वापसी कर दूसरों को गलत साबित किया। मई 2025 में कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।

कपिल देव ने रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय भविष्य पर भी खुलकर बात की। कोहली की तरह रोहित भी टी20 और टेस्ट से दूरी बनाने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे में सक्रिय हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में रोहित शर्मा चार पारियों में दो बार शून्य पर आउट होने के साथ महज 30 रन ही जोड़ पाए।

रोहित के करियर और टीम में उनकी जगह को लेकर कपिल देव ने कहा कि अगर वह खेल सकते हैं तो ठीक है, लेकिन यह फैसला सेलेक्टर्स पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सेलेक्टर्स मानते हैं कि उनका समय पूरा हो गया है तो यह पूरी तरह उन पर निर्भर है, क्योंकि वे खेल की बेहतरी के लिए सामूहिक रूप से सोचते हैं। कपिल देव ने कहा कि रोहित ने देश की शानदार सेवा की है, लेकिन कोई भी पूरी जिंदगी नहीं खेलता। उन्होंने सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, आर अश्विन और एमएस धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक दिन हर किसी को जाना पड़ता है।

न्यूजीलैंड दौरे पर विराट कोहली की शुरुआत उम्मीद भरी रही थी। उन्होंने सीरीज के पहले वनडे में 74 रन की पारी खेलकर अपनी क्लास दिखाई, लेकिन इसके बाद वह लय बरकरार नहीं रख सके और अगली तीन पारियों में उनके बल्ले से कुल मिलाकर सिर्फ 12 रन ही निकले।