वॉशिंगटन: एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को मारने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साजिश को अंजाम देने के लिए ईरान डर्टी बम या रासायनिक हथियार का इस्तेमाल कर सकता है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद आपातकालीन तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जिनमें संभावित ठिकानों और टारगेट की जानकारी भी शामिल है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल अधिकारियों के बीच इस बात पर चर्चा चल रही है कि क्या ईरान वाकई ऐसी साजिश को अंजाम दे सकता है। एक अनाम सूत्र ने कहा कि बहस इस पर है कि क्या उनके पास इन हमलों को अंजाम देने के लिए लोग मौजूद हैं। रिपोर्ट में दो सूत्रों के हवाले से बताया गया कि पिछले हफ्ते इस खतरे से निपटने के तरीकों पर कई बैठकें हुईं। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को संभावित खतरों के चलते सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। पिछले हफ्ते सीक्रेट सर्विस ने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को मिलिट्री आवास में पहुंचाया था।
वॉइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने एक बयान में कहा कि सभी संभावित खतरों पर नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल देश के भीतर कोई ठोस या विश्वसनीय खतरा नहीं है। अमेरिकी अधिकारियों को चिंता है कि ईरान डर्टी बम का इस्तेमाल कर सकता है, जिसमें पारंपरिक बम के साथ रेडियोएक्टिव सामग्री मिलाई जाती है और इसे बनाना आसान होता है। खुफिया एजेंसियों को ईरान से ऐसी बातचीत का पता चला है जिसमें अमेरिका के अंदर बम बनाने का सामान रखे जाने का दावा किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि ईरान ने परमाणु सामग्री या रासायनिक एजेंट पहले से अमेरिका के अंदर छिपाकर रखे हो सकते हैं।
डर्टी बम और परमाणु बम दोनों में रेडियोएक्टिव पदार्थ का इस्तेमाल होता है, लेकिन दोनों में काफी अंतर है। परमाणु बम परमाणु विखंडन प्रक्रिया पर काम करता है और बहुत ज्यादा विनाशकारी होता है। डर्टी बम सामान्य बम की तरह होते हैं, जिनमें रेडियोएक्टिव सामग्री मिलाई जाती है। ये बम हवा के जरिए रेडिएशन को कई किलोमीटर दूर तक फैला सकते हैं। हालांकि, इसमें किसी की तत्काल मौत रेडिएशन से नहीं, बल्कि धमाके की वजह से होगी। बम से निकलने वाला रेडिएशन लोगों को गंभीर रूप से बीमार कर सकता है।
