आईपीएल 2027 से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी ने रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। रिलीज किए गए खिलाड़ियों को ऑक्शन में उतरने का मौका मिलेगा। 16 दिसंबर को गोवा में ऑक्शन होना है। मिचेल स्टार्क और ट्रेविस हेड जैसे खिलाड़ियों ने अगले सीजन में न खेलने का फैसला किया है, इसी वजह से उन्हें रिलीज किया गया। हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्हें उनकी फ्रेंचाइजी ने रिलीज तो कर दिया, लेकिन ऑक्शन में उनकी मांग तेज रहने की उम्मीद है। ऐसे ही 5 नामों पर एक नजर।
नेहाल वढेरा को पंजाब किंग्स ने 4.2 करोड़ रुपये पर रिलीज कर दिया है। पिछले सीजन 8 मैचों में वह सिर्फ 65 रन बना पाए थे, लेकिन नेहाल टी20 के विस्फोटक बल्लेबाज माने जाते हैं। वह स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ दमदार बैटिंग करते हैं। वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर का बल्ला आईपीएल 2026 में नहीं चला, इस कारण राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया। हेटमायर किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और टी20 क्रिकेट में उनके 146 की स्ट्राइक रेट से 7000 से ज्यादा रन हैं।
आईपीएल ऑक्शन में भारतीय तेज गेंदबाजों की डिमांड हमेशा रहती है। आवेश खान के नाम 83 आईपीएल मैचों का अनुभव है और वह 93 विकेट भी ले चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स उन्हें 9.75 करोड़ रुपये सैलरी दे रही थी। ऑक्शन में आवेश को खरीदने के लिए कई फ्रेंचाइजी जोर लगा सकती हैं। आईपीएल 2026 में नीतीश राणा ने 9 मैचों में 151 की स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए थे, जिसमें दो फिफ्टी भी शामिल थीं, लेकिन इसके बाद भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। राणा लीग में केकेआर की कप्तानी भी कर चुके हैं और टॉप ऑर्डर के शानदार बल्लेबाज हैं, ऐसे में ऑक्शन में उन पर बड़ी बोली लग सकती है।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की वजह से भारत में बवाल मचा था। बीसीसीआई के कहने पर केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये के मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया था। अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया है। मुस्तफिजुर टी20 के दमदार गेंदबाज हैं और ऑक्शन में आने पर उन्हें बड़ी रकम मिल सकती है।
