फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में 1940 में एक कुत्ते की सूंघने की क्षमता से ऐसी गुफा का पता चला, जिसकी दीवारों पर 17,000 से 22,000 साल पुरानी पेंटिंग्स मिलीं। 12 सितंबर, 1940 को रोबोट नाम के कुत्ते ने पेड़ की जड़ों के पास बने एक छोटे छेद को देखा था। इसके बाद उसके मालिक 18 वर्षीय मार्सेल रैविडाट अपने तीन दोस्तों जैक्स मार्सल, जॉर्जेस एग्नेल और साइमन कोएनकास के साथ उस जगह पर पहुंचे, जहां लास्को गुफा मिली।
गुफा की दीवारों पर करीब 600 पेंटिंग्स मिलीं, जिन्हें दुनिया की सबसे प्रसिद्ध प्रीहिस्टोरिक कला माना गया। जांच में पाया गया कि रंग भरने के लिए लाल मिट्टी और गेरू जैसी चीजों का इस्तेमाल किया गया था। कई चित्र जानवरों की चर्बी जलाने वाले दीयों की मदद से बनाए गए थे। इनमें बाइसन की बेहद बड़ी पेंटिंग भी शामिल थी। एक शिक्षक ने इन पेंटिंग्स की प्राचीनता को समझा था।
यह गुफा 1948 में आम लोगों के लिए खोली गई थी, लेकिन दीवारों पर फंगस दिखने लगी, जिसके चलते करीब 14 साल बाद 1963 में इसे बंद कर दिया गया। यह गुफा फ्रांस की वजेरे घाटी का अहम हिस्सा है, जहां ऐसी पेंटिंग्स और प्राचीन समय में इंसानों के रहने के कई प्रमाण मिले हैं।
